सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया था
उन्नाव। आसीवन थाना क्षेत्र के जारुल्लानगर गांव में सोमवार देर रात 17 वर्षीय किशोरी की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी दयाराम सिंह की बेटी पलक ने सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ी तो परिजन उसे सीएचसी ले पहुंचे। वहां डॉक्टर जावेद सिद्दीकी ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया।
परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस चालक सुनील कुमार और ईएमटी गोविंद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों की मदद से किशोरी को एंबुलेंस में बैठाया और जिला अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना शव जिला अस्पताल से गांव ले गए। किशोरी ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगला, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। घटना के बारे में पुलिस की आधिकारिक जानकारी और जांच की स्थिति सामने नहीं आई है।