ट्यूबवेल की झोपड़ी में मिला शव, पुरानी रंजिश के एंगल पर जांच शुरू
बलिया। सहतवार थाना के उदहा गांव में गुरुवार देर रात पूर्व प्रधान रामब्यास वर्मा (70) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। उनका शव शुक्रवार सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल के पास बनी झोपड़ी में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची सहतवार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान उदहा गांव निवासी रामब्यास वर्मा पुत्र मंगल देव वर्मा के रूप में हुई है। वह गांव के पूर्व प्रधान रह चुके थे। परिवार में उनका एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। परिजनों के अनुसार, रामब्यास वर्मा रोज की तरह गुरुवार रात भोजन करने के बाद अपने घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर सोने के लिए गए थे।
शुक्रवार सुबह जब परिवार के सदस्य उन्हें देखने पहुंचे तो झोपड़ी के अंदर उनका शव पड़ा मिला। उनके सिर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के गंभीर निशान थे। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में पुरानी रंजिश को हत्या का कारण बताया है।
उन्होंने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हो गई है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्या के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।