हेड कांस्टेबल पत्नी बोली शादी के पांच साल बाद बच्चे नहीं हुए, रोज शराब पीता था
गाजियाबाद। पत्नी से विवाद के बाद सिपाही ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार रात उसका शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। रात करीब 11 बजे ड्यूटी से लौटी हेड कांस्टेबल पत्नी ने पति का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी।
पत्नी का कहना है कि शादी के 5 साल बाद बच्चे नहीं हुए। इसी के चलते सिपाही पति रोज शराब पीता था। इसके बाद उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। शुक्रवार रात में पति ने आत्महत्या कर ली। मामला मसूरी थाना क्षेत्र का है।
बिजनौर जिले के मीरापुर गांव निवासी पवन राठी (28) सन 2018 में यूपी पुलिस में भर्ती हुआ था। उसकी शादी 5 साल पहले 2011 बैच की कांस्टेबल अनुराधा से हुई थी। अनुराधा भी बिजनौर जिले की रहने वाली हैं।
अनुराधा ने बताया कि पवन गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में तैनात था, जबकि मैं हेड कांस्टेबल के पद पर पुलिस कमिश्नर कार्यालय गाजियाबाद में तैनात हूं। हम दोनों मसूरी थाना क्षेत्र के आकाश नगर में किराये के मकान में रहते थे। शुक्रवार शाम को पवन से मेरी बात हुई थी। वह ड्यूटी करके घर पहुंच गया और शराब पी थी।
देर रात करीब 11 बजे मैं ड्यूटी से घर लौटी तो पवन कमरे में फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मसूरी थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह मलिक और डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी मौके पर पहुंचे। पवन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अनुराधा ने बताया कि शादी के 5 साल बाद भी अभी तक बच्चे नहीं हुए थे। इसी के चलते पवन शराब पीकर मारपीट करता था। घरवालों ने भी कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन बच्चे न होने पर पवन अपनी पत्नी पर आरोप लगाता था।
ड्यूटी खत्म होने के बाद वह शराब पीना शुरू कर देता था। मैं मना करती तो लड़ाई करता था। पुलिस ने बताया कि पवन की पत्नी उम्र में 8 साल बड़ी थी, जिसको लेकर भी दोनों में अनबन रहती थी।
एसएचओ मसूरी हरेंद्र मलिक का कहना है कि अभी तक जांच में आया कि पति पत्नी में बच्चे न होने पर विवाद होता था, इसी के चलते सिपाही ने सुसाइड किया है।