शहर में मातमी जुलूसों का सिलसिला शुरू
जैदी फार्म में शुक्रवार से शुरू होगा जुलूसों का सिलसिला
शारदा रिपोर्टर मेरठ। गुरुवार से शहर में मुहर्रम के मातमी जुलूसों का सिलसिला शुरू हो गया। इसके अलावा तमाम इमामबारगाहों व अजाखानों में मजलिसों का दौर सुबह से ही जारी रहा। शहर के अलावा जै़दी फार्म और लोहिया नगर में हजरत इमाम हुसैन व शौहदा ए करबला की याद में गमगीन माहौल में मजलिसें बरपा हुईं। शहर में पहला जुलूस ए जुलजनाह इमामबारगाह जाहिदियान से बरामद हुआ जो जाहिदियान मस्जिद से होता हुआ खत्ता रोड, पैठ एरिया, बुढ़ाना गेट पुलिस चौकी और सुभाष बाजार होता हुआ जाहिदियान स्थित सैय्यद मंजूर हुसैन और नायाब बेगम (मरहूमीन) के अजाखाने पहुंच कर संपन्न हुआ। इस जुलूस के प्रबंधक सैय्यद नियाज हुसैन उर्फ गुड्डू रहे। मुहर्रम कमेटी के मीडिया प्रभारी अली हैदर रिजवी ने बताया कि जैदी फॉर्म में जुलूसों का सिलसिला शुक्रवार से शुरू होगा। इससे पूर्व जै़दी नगर सोसायटी स्थित इमामबारगाह पंजेतनी में मौलाना सैय्यद अम्मार हैदर रिजवी (आजमगढ़) ने मजलिस को खिताब किया। इसके अलावा जैदी फॉर्म स्थित इमामबारगाह दरबार ए हुसैनी में मौलाना काजिम मेहदी उरूज (जौनपुर) ने भी मजलिस को खिताब किया।
यहां आयोजित दूसरी मजलिस को कोलकाता से आए मौलाना जकी हसन रिजवी ने संबोधित किया। उधर इमामबारगाह इश्तियाक हुसैन में मौलाना साजिद रजा (लखनऊ) और इमामबारगाह अबु तालिब में मौलाना अम्मार हैदर रिजवी ने बड़ी मजलिसों को खिताब किया। शहर में घण्टाघर स्थित मनसबिया में मौलाना मुजफ्फर हसनैन जै़दी, चैड़ा कुंआ स्थित इमामबारगाह में मौलाना सैय्यद अब्बास बाकरी, हुसैनाबाद स्थित इमामबारगाह डॉ. इकबाल हुसैन सफवी (मरहूम) में मौलाना मुहर्रम अली (सहारनपुर) ने मजलिसों में हजरत इमाम हुसैन और शौहदा ए करबला की शहादत बयां की। मजलिसों में मौजूद हुसैनी सौगवार फूट फूट कर रोए। इसके अलावा विभिन्न अजाखानों में महिलाओं की मजलिसें भी आयोजित हुईं। इमामबारगाह पंजतनी व शास्त्री नगर सेक्टर 4 स्थित शाहजलाल हॉल की ऊपरी मंजिल पर अलम-ए-मुबारक लगाया गया।