– सवारियां उतारने को रूकी थी बस, तीन घायल, परिजनों ने कार्रवाई की मांग की
रामपुर। शाहबाद क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। सड़क किनारे खड़ी बस में पीछे से तेज रफ्तार छोटा हाथी घुस गया, जिससे बस कंडक्टर और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

दिल्ली से रामपुर आ रही निजी बस शाहबाद क्षेत्र के धुरियाई गांव के पास सड़क किनारे रुकी थी। बस में सवार यात्रियों को उतारा जा रहा था और डिग्गी से सामान निकाला जा रहा था। सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी अचानक एक तेज रफ्तार वाहन ने माहौल बदल दिया।
पीछे से आ रहे तेज रफ्तार छोटा हाथी ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस कंडक्टर रिजवान और मौके पर मौजूद अरशद को संभलने का मौका ही नहीं मिला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दौड़ पड़े। चालक फंसा केबिन में, गैस कटर से निकाला गया।
टक्कर के बाद छोटा हाथी का चालक वसीम केबिन में बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से उसे बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मृतक अरशद शाहबाद में मोबिल का काम करते थे, जबकि रिजवान बस कंडक्टर थे और परिवार का मुख्य सहारा थे। दोनों की मौत से उनके घरों में मातम पसरा है। परिजनों ने हादसे के लिए तेज रफ्तार और लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

