खंभरखेड़ा चीनी मिल के पास हुआ हादसा, छह घायल, कार में सवार थे 10 लोग
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र में खंभरखेड़ा चीनी मिल के पास सोमवार देर रात करीब 12 बजे ओमनी कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि छह घायल हो गए। कार में कुल 10 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतकों के शव अपने कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई।
हादसे में मृतक की पहचान पप्पू (30) पुत्र जगन्नाथ निवासी कटहा, थाना निघासन, जगन्नाथ निवासी कटहा, थाना निघासन, अजय पुत्र गोविंद निवासी अदलाबाद, थाना निघासन और बहादुर पुत्र गोबरे निवासी बिछुवा, थाना पढुआ के रूप में हुई हैं।
वहीं, हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में प्रयांस पुत्र प्यारेलाल कश्यप निवासी उचवा, थाना पढुआ, नवल किशोर पुत्र राममनोहर निवासी नैनापुर, थाना पढुआ (चालक), राजकिशोर पुत्र डालचंद्र चौहान निवासी अदलाबाद, थाना निघासन, सनोज पुत्र रामचंद्र गौतम निवासी तिवारी, थाना पढुआ, अतुल कुमार पुत्र रमेश चंद्र निवासी खींचेनपुरवा, थाना शारदानगर और कमलेश पुत्र भजनलाल कश्यप निवासी निघासन, थाना निघासन शामिल हैं।
मेहवागंज चौकी प्रभारी भारत सिंह ने बताया कि कार में सवार चार लोगों की मौत हुई है और छह घायल हैं। उन्होंने कहा कि अभी किसी की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।