बीएलडब्ल्यू परिसर में सुबह 5 बजे हुआ हादसा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
वाराणसी। मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) परिसर में मंगलवार तड़के सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर स्कूटी से जा रहा था, तभी मेन गेट से करीब 300 मीटर अंदर उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। परिजन और पुलिस उसे लेकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान चितईपुर थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी कॉलोनी (नेवादा, सुंदरपुर) निवासी अभिषेक त्रिपाठी के 13 वर्षीय बेटे अंजनेय त्रिपाठी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंजनेय मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे स्कूटी (वढ65 एइ 5985) लेकर निकला था। वह बीएलडब्ल्यू परिसर की सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि अंजनेय स्कूटी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की आवाज सुनकर परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मी और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मंडुआडीह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद घायल किशोर को परिजनों की मदद से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने अंजनेय को मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कैलाशपुरी कॉलोनी स्थित घर पर रिश्तेदारों और पड़ोसियों की भीड़ जुट गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मंडुआडीह पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि 13 वर्षीय किशोर इतनी सुबह घर से किस काम के लिए निकला था।