अधिकारियों पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप, सात दिन से धरना जारी
शारदा रिपोर्टर मेरठ। लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी योजना के किसानों ने इस बार दिवाली धरना स्थल पर ही मनाई। लंबित प्रतिकर और प्लॉट आवंटन की मांग को लेकर किसान पिछले सात दिनों से मेरठ विकास प्राधिकरण परिसर में धरने पर बैठे हैं। दिवाली के त्योहार पर भी किसानों ने धरना समाप्त नहीं किया। उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
किसानों ने धरना स्थल पर दिवाली मनाकर मेडा के प्रति अपना विरोध जताया। किसानों का आरोप है कि प्राधिकरण लगातार वादाखिलाफी कर रहा है। लंबे समय से उनका प्रतिकर रुका हुआ है और पात्र किसानों को प्लॉट भी नहीं दिए जा रहे हैं। कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। इसी के चलते किसानों को त्योहार भी धरना स्थल पर मनाना पड़ा।
किसान नेताओं ने कहा कि जब तक लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी योजनाओं के किसानों का रुका हुआ प्रतिकर और प्लॉट नहीं मिल जाते, तब तक धरना खत्म नहीं होगा। उन्होंने साफ कहा कि किसान अपने हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे।
धरने में रात के समय जसवीर प्रधान, गौरव गुर्जर काजीपुर, पार्षद प्रशांत कसाना, धर्मपाल भड़ाना (अध्यक्ष), मोहम्मद आमिर चौधरी गंगानगर, रॉबिन चौधरी, कृपाल गुर्जर और कटारे सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे। किसानों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।