देर रात किया हमला और पथराव, छेड़छाड़ के मुकदमे को लेकर चल रही पुरानी रंजिश
शारदा रिपोर्टर मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के डाबका गांव में रविवार देर रात एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट और पथराव किया गया। चाकू और धारदार हथियारों से हमले में रोहित और मोहित समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस घायलों को इलाज के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
गांव के रोहित पुत्र कमरपाल ने बताया कि वह डीजे का काम करते हैं। उनका आरोप है कि रविवार देर रात पड़ोस में रहने वाला दीपक पुत्र रामकिशन नशे की हालत में उनके घर में घुस आया। परिवार ने विरोध किया तो दीपक ने सुनील, जितेंद्र, सूरज, प्रियांशु, तुषार समेत करीब एक दर्जन लोगों को बुला लिया।
रोहित के मुताबिक, सभी ने परिवार पर हमला किया। हमलावरों ने घर पर पथराव किया, दरवाजे तोड़े और अंदर रखा सामान तोड़ दिया। चाकू और धारदार हथियारों से किए गए हमले में चार लोग घायल हुए।
रोहित का आरोप है कि कुछ समय पहले आरोपियों ने उनकी बहन के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की थी। इस मामले में परिवार ने मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना है कि इसी मुकदमे को लेकर आरोपी पक्ष उनसे रंजिश रखता था और इसी वजह से घर में घुसकर हमला किया।
घटना के बाद परिवार ने कंकरखेड़ा थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भेजा है। पुलिस के मुताबिक, तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।