लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन लोगों को जवाब दिया है, जो ये कहते हैं कि दिवाली से प्रदूषण हो गया। सीएम योगी ने कहा, “आप लोगों ने दीपावली मनाई और बहुत से लोग कह रहे हैं इससे प्रदूषण हो गया। हमने कहा प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा। काहे चिंता कर रहे हो। जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया उनको कोई नहीं बोलता। अगर जनता एक दिन आतिशबाजी और पटाखा कर ले तो प्रदूषण हो गया। ये समाप्त हो जाएगा ये समस्या नहीं है।”
सीएम योगी ने साफ कहा, “अच्छा किया जो लोगों ने धूम धड़ाके के साथ दीपावली मनाई। खूब आतिशबाजी की। हम लोगों ने कहा कोई प्रतिबंध नहीं लगाएंगे। मैं भी अयोध्या में आतिशबाजी में था, पर्व और त्योहार में जब कोई खुशी मनाता है तो लोगों को प्रदूषण याद आने लगता है।”
सीएम योगी ने कहा, “आज के उत्तर प्रदेश की समृद्धि का आधार। जब प्रतिभा को उसके अनुरूप कार्य नहीं मिलता था, वह पलायन करती थी। यूपी का युवा अपनी मेहनत का लाभ देश और दुनिया को देता था लेकिन यूपी विपन्न रहता था इसलिए क्योंकि उसको यहां ईमानदारी के साथ नौकरी नहीं मिलती थी। उसमें भेदभाव होता था, बिना सिफारिश के, बिना लेनदेन के कोई नियुक्ति नहीं होती थी। वह एक प्रकार की अराजकता 2017 के पहले यूपी के अंदर थी। जितने भी आयोग और बोर्ड थे नियुक्ति के, यह सब बंधक बने हुए थे। एक सिंडिकेट काम करता था प्रदेश में, सैफई सिंडिकेट जिसका इस पर कब्जा था। एक बार मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस. सुना है आप में से कितने लोगों ने फिल्म देखी थी? काफी लोगों ने देखी भाई। 2017 के पहले ऐसे ही मुन्ना भाई शासन में भी बैठे हुए थे और नियुक्ति की नौकरियों में भी ऐसे ही होता था। परीक्षा देता था कोई और नियुक्ति पत्र प्राप्त करके चला जाता था कोई और।