रात दो बजे के आसपास हुई चोरी, सुबह चार बजे परिवार को चला पता
अमरोहा। मंडी धनौरा ब्लॉक के पेली तगा गांव में चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर नकदी और लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। यह घटना देर रात करीब 2 बजे हुई, जिसका पता सुबह 4 बजे परिवार के सदस्य को चला।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी परवीन सैनी का परिवार रात में सो रहा था। चोरों ने मकान के पीछे बने आम के बाग की तरफ से दीवार में सेंध लगाई और घर के अंदर दाखिल हो गए।
चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों को खंगालकर 10 हजार रुपये नकद, सोने की दो चीजें, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी कुंडल, चांदी के पांच जोड़ी बिछुए और एक जोड़ी चांदी की पाजेब चोरी कर ली।
चोरी का पता सुबह करीब 4 बजे चला, जब परिवार का एक सदस्य मोबाइल फोन चार्ज करने कमरे में गया। उसने दीवार में सेंध देखकर तुरंत अन्य परिजनों को जगाया। सामान की जांच करने पर नकदी और कीमती जेवरात गायब मिले।
पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रामपुर तगा पुलिस चौकी प्रभारी संजीव तोमर ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र और आम के बाग में भी सुरागों की तलाश की। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।