– शव पीठ से बांधकर ले गया, प्रेमी से शादी करने पर अड़ी थी बेटी।
अलीगढ़। पिता ने अपनी 19 साल की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर लाश को पीठ पर बांधकर बाइक से खेत में पहुंचा। 5 फीट गहरा गड्ढा खोदा। लाश दफनाकर वापस घर आ गया और सो गया। सुबह उठकर बेटी को ढूंढने का नाटक करता रहा। पड़ोसियों ने पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दे दी। पुलिस को पूछताछ में पिता के गोलमोल जवाब से शक हुआ। सख्ती की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया।

आरोपी ने बताया कि बेटी का पड़ोसी लड़के से एक साल से अफेयर था। उससे शादी करने की जिद पर अड़ी थी। उसे समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। एक हफ्ते से उसने खाना छोड़ दिया था। मान-सम्मान बचाने के लिए उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने लड़की की मां की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की निशानदेही से शव को खेत से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना खैर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की है।
गांव जरारा निवासी पूरन (45) किसान है। घर में पत्नी राजकुमारी (40), 2 बेटे समीर (12), सागर (14) और बेटी शिवानी थी। पूरन ने पुलिस पूछताछ में बताया कि शिवानी पड़ोसी लड़के से प्यार करती थी। उससे शादी करना चाहती थी। इसकी जानकारी जब मुझे लगी तो उसे समझाया। वह नहीं मानी तो उसका बाहर आना जाना बंद कर दिया। उसने 17 मई यानी रविवार को तेजाब पीकर सुसाइड की कोशिश की। तभी मैंने तय किया कि अब उसे खत्म कर देना चाहिए।
आरोपी ने बताया कि सुसाइड की कोशिश के बाद भी मैं बेटी को अस्पताल लेकर नहीं गया। कमरे में बंद कर दिया। जब घरवाले सो गए तो कमरे में जाकर उसका गला घोंट दिया। बाद मैं बाइक कमरे के अंदर ले गया। शिवानी के शव को अपनी पीठ पर रस्सी से बांधा। 18 मई यानी सोमवार तड़के करीब 3 बजे घर से करीब एक किलोमीटर दूर टप्पल के रहने वाले रामकौर के खेत में पांच फीट गहरा गड्ढा खोदकर उसे दफना दिया।
परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी
आरोपी ने बताया कि सुबह जब बाकी लोग सोकर उठे तो शिवानी को घर में न देखकर परेशान होने लगे। मैंने उन्हें पूरी बात बताई और किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हम बेटी को तलाशने का नाटक करते रहे। इस बीच पड़ोसियों ने पुलिस को गुमशुदगी की खबर कर दी। पुलिस मंगलवार (19 मई) दोपहर घर आई। हमें गोलमोल जवाब देकर वापस भेज दिया। शाम को फिर वापस आई। सख्ती की तो मैं डर गया और जुर्म कबूल लिया।
मां की तहरीर पर केस दर्ज हुआ
एसपी देहात मनीष कुमार मिश्रा ने बताया बेटी के प्रेम संबंधों के कारण पिता ने उसकी हत्या कर दी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पिता की निशानदेही पर शव मिल गया है। पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।


