दाहिने पैर में पुलिस ने मारी गोली, हेड कांस्टेबल भी घायल, साथी फरार
शामली। बुधवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय चैन स्नैचर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ है। बदमाश का एक साथी गन्ने के खेतों के रास्ते फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान शुरू किया है।
कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र कसाना बुधवार की सुबह करीब 6 बजे अपनी टीम के साथ ऊन-चौसाना मार्ग पर हरसाना कट्ठा पुल के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान चौसाना की ओर से सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखे।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाश काठा नदी पटरी के रास्ते बसी की ओर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने तत्काल उनका पीछा किया। बझेड़ी क्षेत्र के निकट हुई मुठभेड़ में झिंझाना थानाक्षेत्र के खानपुर जाटान का रहनेवाला एक बदमाश जगत सिंह (30) पुत्र चरण सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई।
पुलिस टीम से बचकर भागने की फिराक में बदमाशों ने भी पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली लगने से हेड कांस्टेबल गौरव कुमार के बाएं हाथ में भी चोट लग गई। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊन में भर्ती कराया गया है।
वहीं, दूसरा बदमाश राजवीर गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पकड़े गए बदमाश जगत सिंह पर अलग-अलग राज्यों में संगीन धाराओं के तहत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों के साथ मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ है, जबकि एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ है। घायलों का उपचार जारी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।