ब्रजघाट और तिगरी धाम में हजारों ने लगाई आस्था की डुबकी
अमरोहा। ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व पर अमरोहा के ब्रजघाट और तिगरी गंगा धाम में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। बुधवार को हजारों भक्तों ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। तड़के से ही गंगा तट श्रद्धालुओं से खचाखच भर गए थे।
स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सूर्य नारायण को अर्घ्य दिया और मां गंगा को पुष्प व दीप अर्पित कर पुण्य कमाया। इस दौरान कई बच्चों का मुंडन संस्कार भी संपन्न कराया गया। गंगा घाट ‘हर हर गंगे’ के जयकारों से गूंज उठे।
गंगा दशहरा स्नान के लिए मंगलवार शाम से ही आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों से श्रद्धालु ब्रजघाट पहुंचना शुरू हो गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गंगा घाटों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। गंगा के गहरे क्षेत्रों में खतरे के निशान लगाकर बैरिकेडिंग की गई थी, और पुलिसकर्मी व पीएसी की टीम ने नावों में बैठकर श्रद्धालुओं पर कड़ी निगरानी रखी।
ब्रजघाट और तिगरी गंगा तीर्थ स्थल पर मेले का आयोजन भी किया गया। गंगा दशहरा के अवसर पर ब्रजघाट मेले में अपनों से बिछड़े लोगों को मिलाने के लिए एक खोया-पाया केंद्र स्थापित किया गया था। इस केंद्र के माध्यम से कई बच्चों, महिलाओं और बड़ों को उनके परिजनों से मिलाया गया।
श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और जाम से बचने के लिए प्रशासन ने नेशनल हाईवे 9 पर रूट डायवर्जन प्लान लागू किया था, जिसके तहत हल्के वाहन हाईवे पर चले जबकि भारी वाहनों को बदले मार्गों से निकाला गया।