– 24 दिन बाद हुआ हत्या का खुलासा, जमीनी विवाद में दिया वारदात को अंजाम।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। बहसूमा थाना क्षेत्र के महमूदपुर सिखेड़ा गांव में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या करके लाश को खेत में दबा दिया। हत्या 5 मई को की गई थी, घटना का खुलासा आज हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। शुरूआती जानकारी के मुताबिक पारिवारिक विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने मौके से बड़े भाई कपिल को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि बड़े भाई कपिल ने छोटे भाई अंकुर की हत्या कर दी। इसके बाद लाश को गाड़ दिया। आज ये पूरा मामला सामने आया है। हत्या का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है।
पूरे मामले में एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि महमूदपुर सिखेड़ा गांव में एक महिला जगबीरी ने बहसूमा थाने पर आकर बताया कि इनका 30 साल का भांजा अंकुर 5 मई से गायब है। उन्हें शक है कि अंकुर के बड़े भाई कपिल ने ही उसकी हत्या की है।
सूचना पर थानापुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से बड़े भाई कपिल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसने 5 मई 2026 को अपने छोटे भाई अंकुर की जमीनी विवाद में हत्या कर दी।
हत्या के बाद लाश को खेत में ही दबा दिया है। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। बाकी फोरेंसिक की टीम मौके पर है मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा लिखा जा रहा है।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया: बताया गया कि अंकुर तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी पत्नी की चार वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। पत्नी के निधन के बाद वह अकेले रह रहा था। अंकुर अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गया है। बड़ी बेटी करीब 10 वर्ष और छोटी बेटी लगभग 7 वर्ष की है। दोनों बच्चियों की देखभाल उनकी मौसी कर रही है।

