शारदा रिपोर्टर मेरठ। सरधना में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में 13 वर्षीय बालक यहिया की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। पिठलोकर गांव निवासी यहिया (13) अपने परिजनों को बताए बिना ई-रिक्शा में बैठकर सरधना आ रहा था। कालंद गांव पार कर जैसे ही ई-रिक्शा सरधना की ओर बढ़ा, पीछे से आ रहे एक देशी वाहन (जुगाड़) ने उसे टक्कर मार दी।

टक्कर के कारण ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और यहिया गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल बालक को तुरंत सरधना के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यहिया की मौत की खबर मिलते ही परिवार में दुख छा गया और ईद के त्यौहार की खुशियां मातम में बदल गई।
सूचना पर परिजन व ग्रामीण बड़ी संख्या में सरधना पहुंच गए। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन मृतक के परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं। पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है।
हादसे के बाद जुगाड़ चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि परिजन अभी तक तहरीर देने को तैयार नहीं हैं और पुलिस उन्हें मनाने का प्रयास कर रही है।

