Homeउत्तर प्रदेशMuzaffarnagarMuzaffarnagar News: ईद की नमाज शांतिपूर्ण सम्पन्न, चाक-चौबंद रही सुरक्षा

Muzaffarnagar News: ईद की नमाज शांतिपूर्ण सम्पन्न, चाक-चौबंद रही सुरक्षा

-

– ईदगाह के पास भारी पुलिस फोर्स रही तैनात, ड्रोन से हुई निगरानी, शहर में भी चौकसी।

मुजफ्फरनगर। ईद-उल-जुहा की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की। जिले के सभी ईदगाहों और नमाज स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय वर्मा सहित अन्य आला अधिकारी ईदगाहों पर मौजूद रहे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों में डॉग स्क्वाड, ड्रोन कैमरे और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की सक्रिय भूमिका रही। पूरे जनपद में सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की गई।

 

 

जिले भर के चौराहों, बाजारों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील इलाकों पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए थे। ईद पर्व को सकुशल संपन्न कराने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। इसमें 04 पुलिस अधीक्षक, 10 पुलिस उपाधीक्षक, 21 थाना प्रभारी, 23 निरीक्षक, 391 उप निरीक्षक, 242 मुख्य आरक्षी, 1242 आरक्षी, होमगार्ड और पीआरडी के जवान शामिल थे। इसके अतिरिक्त, 02 प्लाटून पीएसी को भी विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईद से पहले सभी थानों, चौकियों और ईदगाहों पर विशेष बैठकें आयोजित की गई थीं। संभावित खतरों को देखते हुए असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी गई। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ाई गई थी।

मुजफ्फरनगर में ईद की नमाज के शांतिपूर्ण समापन को स्थानीय लोगों ने सांप्रदायिक सद्भाव का प्रतीक बताया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों के सहयोग से ईद का त्योहार बिना किसी घटना के सम्पन्न हुआ। सुरक्षा बलों के अथक प्रयास सराहनीय हैं। एसएसपी ने भी सभी अधिकारियों और जवानों को उनके ड्यूटी का सफलतापूर्वक निर्वहन करने पर बधाई दी। ईद की नमाज के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में ईद मिलन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। बाजारों में चहल-पहल रही और लोग खुशी-खुशी खरीदारी कर रहे थे।

 

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts