मवाना। ईदगाह परिसर में ईद उल-अजहा (बकरा ईद) की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग नमाज अदा करने के लिए ईदगाह पहुंचे। इस दौरान नगर में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। ईद उल-अजहा की नमाज शहर काजी मौलाना नफीस ने अदा कराई।

उन्होंने सभी नगरवासियों और ग्रामीण इलाकों के लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। मौलाना नफीस ने कहा कि यह पर्व त्याग, कुबार्नी और इंसानियत का प्रतीक है, इसलिए सभी को धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए सामाजिक सद्भाव बनाए रखना चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम संतोष कुमार सिंह और सीओ पंकज लावियाना की मौजूदगी में कड़ी निगरानी रखी गई। मेरठ रोड पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस चौकी पर वाहनों का रूट डायवर्ट कर बैरिकेडिंग के माध्यम से दूसरे मार्गों से भेजा गया, ताकि यातायात सुचारु रहे।

