HomeTrendingनहर में डूबने से मेडिकल स्टोर संचालक की मौत

नहर में डूबने से मेडिकल स्टोर संचालक की मौत

-

दूसरे दिन बुधवार सुबह मिला शव, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा


श्रावस्ती। मल्हीपुर थाना क्षेत्र में नहर में नहाने गए एक मेडिकल स्टोर संचालक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस और गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद दूसरे दिन बुधवार सुबह युवक का शव नहर से बरामद किया गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान बलरामपुर जिले के महाराजगंज तराई निवासी 21 वर्षीय नफीस पुत्र मुस्ताक अहमद के रूप में हुई है। नफीस मल्हीपुर थाना क्षेत्र के साई गांव चौराहे पर एक निजी मेडिकल स्टोर संचालित करता था। वह अपने छोटे भाई रिहान (18) के साथ मकान मालिक इमरान खान के घर किराए पर रहता था।

स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब दो बजे नफीस अपने दोस्त असीदुल्ला के साथ मकुनी झिरझीरवा स्थित राप्ती-सरयू नहर पुल पर नहाने गया था। बताया जाता है कि नहर में छलांग लगाने के बाद वह गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। काफी देर तक नफीस के पानी से बाहर नहीं आने पर उसके दोस्त को अनहोनी की आशंका हुई। उसने तत्काल नफीस के भाई और आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही मल्हीपुर थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। देर शाम तक नहर में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।

बुधवार सुबह फिर से खोज अभियान शुरू किया गया। कई घंटों की तलाश के बाद गोताखोरों ने नफीस का शव नहर से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

बताया गया कि नफीस मेडिकल स्टोर चलाकर अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts