सीसीएसयू के गर्ल्स हास्टल में छात्राओं की सुरक्षा पर चर्चा
मेरठ। सीसीएसयू के रानी लक्ष्मी बाई हॉस्टल में मिशन शक्ति फेस 5 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला अध्ययन केन्द्र द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय मनौवैज्ञानिक केंद्र की विशेषज्ञ डॉ. मनीषा तेवतिया को मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया।
डॉ. तेवतिया ने अच्छे और बुरे स्पर्श विषय पर एक प्रभावशाली व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने छात्राओं को शारीरिक सुरक्षा और आत्म-जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर विस्तार से चर्चा की कि किस प्रकार का स्पर्श सुरक्षित है और किस प्रकार का स्पर्श खतरनाक हो सकता है, साथ ही उन्होंने ऐसी स्थितियों में आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों पर भी जानकारी दी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को न केवल अपने प्रति जागरूक बनाना था, बल्कि उन्हें यह भी सिखाना था कि अपने अधिकारों और सीमाओं को पहचानते हुए किसी भी अनुचित व्यवहार के खिलाफ किस प्रकार खड़ा होना चाहिए। इस व्याख्यान ने छात्राओं के बीच आत्मविश्वास और साहस को मजबूत करने का काम किया।
इस कार्यक्रम का आयोजन जीवविज्ञान विभाग की प्रोफेसर डॉ. बिंदु शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जिसकी अध्यक्षता चीफ वार्डन प्रो. दिनेश कुमार ने की। कार्यक्रम में दिव्या शर्मा, वंदना राणा, नीतू चौधरी सहित अनेक छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने विषय की गंभीरता और इसके महत्व को समझते हुए डॉ. तेवतिया के व्याख्यान की सराहना की। इस प्रकार के आयोजन विश्वविद्यालय में छात्राओं, महिला कर्मियों की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।