मेरठ। मंगलवार सुबह मेरठ के दादरी स्थित सकौती फ्लाईओवर पर दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। दिल्ली लौट रहे चार दोस्तों की ब्रेजा कार का अचानक टायर फट गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। चौथा युवक घायल है और उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार कार में दिल्ली के करावल नगर क्षेत्र के चार युवक सवार थे। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय नितेश शर्मा पुत्र रामू निवासी प्रेमनगर, 24 वर्षीय आसू और शैलेंद्र भारद्वाज निवासी गोकलपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। घायल मिथुन चौहान पुत्र समय सिंह निवासी करावल नगर, दिल्ली का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों युवक मुजफ्फरनगर की ओर से दिल्ली लौट रहे थे। सुबह करीब सात बजे सकौती फ्लाईओवर पर अचानक कार का टायर फट गया। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ब्रेजा फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवकों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, लेकिन तीन युवकों की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह कार का टायर फटना माना जा रहा है।