झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, तामपान में दर्ज की गई गिरावट
मेरठ। मंगलवार दोपहर करीब बारह बजे रूक-रूककर हुई बारिश शहरवासियों के लिए राहत लेकर आई। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे गर्मी का असर कम हो गया और मौसम सुहावना हो गया। जबकि, बारिश होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, बारिश के कारण मेरठ के कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली। सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के पुराने इलाकों में जलभराव होने से राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जबकि, कई वाहन चालक चोटिल भी होते नजर आए।
दरअसल, पिछले काफी समय से उमसभरी गर्मी ने शहरवासियों का जीना दुश्वार कर दिया था। सुबह से ही पड़ रही उमसभरी गर्मी से लोग पसीना पसीना हो रहें थे। जबकि, गर्मी पड़ने के कारण बिजली भी शहरवासियों को जोर के झटके दे रही थी। लेकिन, मंगलवार को हुई झमाझम बारिश होने से ना केवल मौसम सुहाना हो गया। जबकि, तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. शमीम के अनुसार, पश्चिम उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। अगले दो दिनों तक मेरठ समेत आसपास के जिलों में अच्छी बारिश की संभावना है।उन्होंने बताया कि, यह बारिश फसलों के लिए काफी फायदेमंद होगी। खासकर जो किसान धान की बुवाई की तैयारी में हैं, उन्हें इसका सीधा लाभ मिलेगा। जबकि, धीरे-धीरे होने वाली यह बारिश फसलों के लिए उपयोगी साबित होगी और मिट्टी की नमी भी बनाए रखेगी। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इसके साथ ही प्रदूषण का स्तर भी कम हुआ है।