बुलंदशहर। जहांगीराबाद बस अड्डे पर एक महिला ठगी का शिकार हो गई। दो शातिर ठगों ने बातों में उलझाकर महिला से सोने के जेवर और 3000 रुपये नकद लूट लिए। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली देहात पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे की है। सराय झाझन, सिकंदराबाद निवासी सुमन पत्नी रघुवीर सिंह जहांगीराबाद बस अड्डे पर बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान बुलंदशहर की ओर से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उनसे बातचीत शुरू कर दी।

युवकों ने सुमन को अपनी बातों में उलझा लिया और उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। कुछ दूर जाने के बाद एक युवक ने रुमाल में बंधी एक पोटली दिखाते हुए कहा कि इसमें 50 हजार रुपये हैं। उसने महिला को बताया कि आगे चेकिंग चल रही है, इसलिए अपने गहने उतारकर सुरक्षित रख लें।
ठगों की बातों में आकर महिला ने अपने सोने के कुंडल, एक अंगूठी, सोने की चेन और 3000 रुपये नकद अपने बैग में रख लिए। इसके बाद ठगों ने महिला का बैग ले लिया और कहा कि मोटरसाइकिल से जाना ठीक नहीं है, वे गाड़ी लेकर आते हैं। वे महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
काफी देर इंतजार करने के बाद जब ठग वापस नहीं आए, तो महिला को ठगी का अहसास हुआ। उसने पोटली खोलकर देखी तो उसमें रद्दी कागज भरे थे। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली देहात पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

