– देश के टॉप यूथ आइकॉन में शामिल बागपत के अमन कुमार, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया संग किया संवाद।
– कभी तंगी में घर-घर बेचे अखबार, आज राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर युवाओं की आवाज बने अमन।

– माय भारत से मिली पहचान, अब “कोई युवा पीछे न छूटे” के मिशन में जुटे अमन कुमार।

– अखबार पढ़कर योजनाओं से जुड़े अमन, अब देशभर के लाखों युवाओं को दिखा रहे नई राह।
बागपत। कभी गांव-गांव साइकिल पर अखबार बेचने वाला बागपत का युवा आज देश के टॉप यूथ आइकॉन में शामिल होकर केंद्रीय युवा मंत्री संग युवाओं के भविष्य पर संवाद कर रहा है। जनपद बागपत के युवा अमन कुमार को विशेष आमंत्रण पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से संवाद का अवसर मिला, जहां उन्होंने जनपद बागपत में युवाओं से जुड़े अपने अनुभव, उपलब्धियां तथा नवाचारी प्रयासों को साझा किया।

केंद्रीय मंत्री ने अमन कुमार के प्रयासों की सराहना की। विशेष रूप से ग्रामीण पृष्ठभूमि से होने के बावजूद अमन के संघर्ष, साहस और सफलता से सभी प्रेरित नजर आए। कभी साइकिल पर गांव-गांव अखबार बेचने वाले अमन आज देश के टॉप यूथ आइकॉन में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनके योगदान को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के सर्वोच्च युवा सम्मान स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।



