पुलिस और फायर ब्रिगेड ने रस्सी से बांधकर बाहर निकाला, खेत से लौट रही थी
फिरोजाबाद। थाना नसीरपुर क्षेत्र के नगला सीताराम गांव में शुक्रवार रात 8 बजे एक बुजुर्ग महिला करीब 70 फीट गहरे कुएं में गिर गईं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने संयुक्त प्रयास कर महिला को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया। महिला की पहचान 70 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि उनकी आंखों की रोशनी कमजोर है। परिजनों के मुताबिक, वह मानसिक रूप से भी कमजोर हैं।
किसी तरह वह गांव में स्थित गहरे कुएं में जा गिरीं। महिला के कुएं में गिरने की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर नसीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने बचाव कार्य शुरू किया।
काफी प्रयास के बाद शांति देवी को कुएं से बाहर निकाल लिया गया। उन्हें सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। महिला से हुई बातचीत के आधार पर पारिवारिक कलह की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में कुएं में गिरीं, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।