जनगणना में संस्कृत को लिखवाएँ मातृभाषा, संस्कृत विभाग का आह्वान
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ परिसरस्थित संस्कृतविभाग द्वारा केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, दिल्ली एवं उत्तरप्रदेश संस्कृतसंस्थान के संयुक्त तत्त्वावधान में व्याससमारोह के तीसरे दिन के प्रथम सत्र में अन्तर्विद्यालयीया वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विद्यालयों से आये हुए छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का विषय ‘गावो वत्सं न धेनवः’ (सामवेद, पूर्वार्चिक २.२.२) रहा। जिसमें प्रथम स्थान पर ऋतिका राणा (दयावती मोदी अकादमी मेरठ), द्वितीय स्थान पर अर्णव मिश्र (दयावती मोदी अकादमी मेरठ) एवं तृतीय स्थान पर आकांङ्क्षी (दीवान पब्लिक इन्टरनेशनल स्कूल मेरठ) रहे। चलवैजयन्ती (दयावती मोदी अकादमी मेरठ) ने प्राप्त की। कार्यक्रमाध्यक्ष डॉ. चन्द्रशेखर मिश्र, मुख्यातिथि प्रो. उमा शर्मा (पूर्व संस्कृतविभागाध्यक्षा, एन.ए.एस. महाविद्यालय, मेरठ) तथा निर्णायक डॉ. सन्दीपकुमार (संस्कृतविभागाध्यक्ष, एन.ए.एस. महाविद्यालय, मेरठ), व प्रो. छाया रानी रहे।
इसके पश्चात् विद्यालयस्तरीय संस्कृत प्रश्नमञ्च प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें प्राश्निक के रूप में डॉ. प्रशान्त शर्मा ने विद्यालयस्तर के संस्कृत के रोचक प्रश्न विद्यार्थियों से पूछे। उन्होंने विद्यालयों से प्रतिमास संस्कृत प्रश्नमंच कराने का आग्रह किया, जिससे विद्यालयस्तर पर संस्कृत को लोकप्रिय बनाया जा सके। इस प्रश्नमञ्च स्पर्धा में ऋतिका को प्रथम, वंशिका को द्वितीय व अर्णव मिश्र और शौर्य को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। आज व्यास समारोह के मंच से ‘मम भाषा संस्कृतम्’ इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया। जिसके माध्यम से विवि के संस्कृतविभागाध्यक्ष डॉ. प्रशान्त शर्मा ने आगामी जनगणना में सभी को अपनी मातृभाषा संस्कृत लिखवाने के लिये प्रेरित किया। इस विषय में संस्कृतविभाग मेरठ महानगर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनसामान्य को संस्कृत से जोडेगा तथा आगामी जनगणना में अधिकाधिक लोग संस्कृत को मातृभाषा के रूप में लिखवाएँ, इसके लिये प्रयास करेगा।
अपराह्न के सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिनमें सत्राध्यक्ष हेमवती नन्दन बहुगुणा वि.वि. श्रीनगर गढवाल के संस्कृतविभागाध्यक्ष डॉ. विश्वेश ‘वाग्मी’ रहे। निर्णायक के रूप में गढवाल विवि के संस्कृत विभाग की सहायकाचार्या डॉ. प्रीति, मेरठ कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. अरविन्द कुमार रहे। इस कार्यक्रम में मेरठ के 6 विद्यालयों ने प्रतिभागिता की। एकल गायन प्रतियोगिता में अभिषेक प्रथम, सानिया द्वितीय एवं तनुष्का तृतीय स्थान पर रही। एकल नृत्य प्रतियोगिता में सुगीत कौर प्रथम, सृष्टि द्वितीय एवं गौरांगी तृतीय रही। सामूहिक नृत्य एवं कथासत्र स्पर्धा में दयावती मोदी अकादमी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। संस्कृत नाटिका मंचन में दीवान पब्लिक स्कूल वेस्टर्न रोड प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर दयावती मोदी अकादमी रही।
सायं के सत्र में संस्कृत सम्भाषण प्रशिक्षण रोचक प्रकार से हुआ। जिसमें ८६ वर्ष के वयोवृद्ध से लेकर १६ वर्ष के बालक-बालिकाओं ने प्रतिभागिता की। उन्हें संस्कृतविभाग की यह पहल बहुत अच्छी लगी। समारोह में डॉ. नरेन्द्र कुमार, डॉ. ओमपालसिंह, डॉ. सन्तोष गुप्ता, डॉ. राजबीर, श्री तुषार गोयल, डॉ. आभा आदि विभागीय अध्यापक व विद्यार्थियों के साथ कार्यालय का विशेष सहयोग रहा।