युवती की शादी छह महीने पहले हुई थी, करवाचौथ पर घर आई थी
सीतापुर। शनिवार सुबह करीब सात बजे छप्पर के नीचे प्रेमी और उसकी शादीशुदा प्रेमिका के शव लटके मिले। दोनों ने अलग-अलग फंदा लगाया था। प्रेमिका की शादी छह महीने पहले ही हुई थी। वो करवाचौथ पर घर आई थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वारदात जिला मुख्यालय से करीब 55 किमी दूर रेउसा थाना क्षेत्र की है।
गांव अमलोरा निवासी दिलीप शुक्ला (22) पुत्र रामकुमार मिश्र का गांव की ही रुचि कुमारी रावत (20) पुत्री प्यारेलाल के साथ लंबे समय से अफेयर चल रहा था। दोनों के घर की दूरी करीब 50 मीटर है। दिलीप के पिता के किसान हैं। वो पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था। रुचि के पिता भी खेती बाड़ी करते हैं। उसकी एक छोटी बहन है।
बताया जाता है कि लड़की वालों को दोनों को रिश्ता मंजूर नहीं था। पिता ने 6 महीने पहले रुचि की शादी दूसरे लड़के से कर दी थी। जिसके चलते दिलीप परेशान रहने लगा था। शादी के बाद भी दोनों में बात होती रहती थी।
29 अक्टूबर को करवाचौथ पर रुची अपने मायके आई थी। तब से यहीं पर रह रही थी। इस दौरान दोनों की कई बार मुलाकात हुई थी। बीती रात करीब 10 बजे रुचि दिलीप से मिलने उसके घर के पास बने बैठके में गई थी। दिलीप रात को इसी छप्पर नुमा बैठके में सोता था।
शनिवार की सुबह जब गली से गुजरे तो दिलीप और रुचि के शव छप्पर के नीचे फंदे से लटके देखे तो शोर मचाया। इसके बाद दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर थानाध्यक्ष रेउसा हनुमंत तिवारी ने फोर्स के साथ पहुंचे। दोनों के परिवार वालों से पूछताछ की। इसके बाद दोनों शवों को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की।
प्रभारी निरीक्षक हनुमंत तिवारी ने बताया दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों के शव एक ही छप्पर में अलग-अलग लटके मिले हैं। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।