Homeउत्तर प्रदेशMeerutमेरठ में बुरी तरह चरमराई यातायात व्यवस्था

मेरठ में बुरी तरह चरमराई यातायात व्यवस्था

-

चारों तरफ भीषण जाम से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सुबह से शाम तक रेंग रहे वाहन


शारदा रिपोर्टर मेरठ। मेरठ शहर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 14 नवंबर को प्रस्तावित दौरे और माल रोड पर की गई बैरिकेडिंग के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। जिसके चलते कई प्रमुख मार्गों पर भारी जाम की स्थिति बनी हुई है।

आपकों बता दें कि, 14 नवंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के आगमन से पहले माल रोड और आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग व रातों-रात किए जा रहे सड़क कार्यों के चलते ट्रैफिक प्रभावित हुआ है। लालकुर्ती से लेकर मवाना रोड, बेगम पुल से बच्चा पार्क और दिल्ली रोड तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। बाजारों में पार्किंग की गंभीर कमी और सड़कों पर रॉन्ग साइड से आ रहे वाहनों के कारण भी स्थिति बिगड़ रही है। जिसके चलते क्रांति धरा मेरठ में शुक्रवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त नजर आई।

शहर के लगभग सभी प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सुबह से ही भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 14 नवंबर को प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में माल रोड और उसके आसपास के इलाकों में भारी बैरिकेडिंग कर दी गई है। रातों-रात चल रहे सड़क मरम्मत और सौंदर्यीकरण के कार्यों ने यातायात की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है। मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू होने के कारण वाहनों का सारा दबाव शहर की अंदरूनी सड़कों पर आ गया है। लालकुर्ती से लेकर मवाना रोड तक कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें देखने को मिल रही हैं।

शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले बेगम पुल और बच्चा पार्क चौराहे पर स्थिति सबसे अधिक विकट है। यहां दोपहिया वाहनों का भी निकलना दूभर हो गया है और लोग घंटों तक एक ही जगह फंसे हुए हैं। दिल्ली रोड, हापुड़ अड्डा और गढ़ रोड पर भी सुबह से ही वाहन रेंग-रेंग कर चलते दिखाई दिए। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और स्कूल-कॉलेज के छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्कूली बसें जाम में फंसी रहीं, जिससे बच्चों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई। बाजारों में पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने से दुकानदारों और ग्राहकों ने सड़कों पर ही वाहन खड़े कर दिए हैं। सड़क किनारे हुए अवैध अतिक्रमण ने पहले से संकरी सड़कों को और अधिक संकुचित कर दिया है।

इसके अलावा जल्दी निकलने की होड़ में वाहन चालकों द्वारा रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने से जाम और गहरा गया। वहीं, चौराहों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी भी वाहनों के इस भारी दबाव को संभालने में बेबस नजर आए।आपातकालीन सेवाओं पर भी इस महाजाम का सीधा असर देखने को मिला है। कई एंबुलेंस सायरन बजाती रहीं, लेकिन आगे रास्ता न मिल पाने के कारण जाम में फंसी रहीं। मरीजों को अस्पताल ले जा रहे तीमारदारों की सांसें जाम के बीच अटकी रहीं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि, मुख्य मार्ग बंद होने से उनके कारोबार पर भी बुरा असर पड़ रहा है।

बाजारों में सन्नाटा पसरा है, क्योंकि ग्राहक जाम के डर से खरीदारी करने के लिए बाहर नहीं निकल रहे हैं। जबकि, वाहनों से निकलते धुएं ने राहगीरों की परेशानी को दोगुना कर दिया है।शहरवासियों ने प्रशासन की पूर्व तैयारियों और ट्रैफिक प्लान पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि, डायवर्जन की सूचना समय रहते सार्वजनिक नहीं की गई, जिससे भ्रम की स्थिति बनी।गली-मोहल्लों के वैकल्पिक रास्तों पर भी अब चौपहिया वाहनों के घुसने से जाम लग गया है।स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों के बीच कई स्थानों पर तीखी नोक-झोंक की खबरें भी सामने आई हैं।

ई-रिक्शा और आॅटो चालकों की मनमानी ने चौराहों पर अव्यवस्था को और अधिक बढ़ावा दिया है। बिना किसी निर्धारित स्टैंड के कहीं भी सवारी बैठाने और उतारने से पीछे आ रहे वाहनों की कतार लग रही है। यातायात विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करने की बात कर रहे हैं। लेकिन, जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है।अतिरिक्त पुलिस बल को संवेदनशील चौराहों पर तैनात किया गया है ताकि यातायात को सुचारू किया जा सके।

प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा कारणों और वीआईपी मूवमेंट के चलते यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि, वे बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। साथ ही, लोगों को मुख्य मार्गों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके बावजूद, वैकल्पिक मार्गों पर भी ट्रैफिक का लोड इतना बढ़ चुका है कि वहां भी राहत नहीं है। रोडवेज बसों के मार्ग बदलने से यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा पैदल सफर तय करना पड़ा। रेलवे स्टेशन और बस अड्डे जाने वाले कई यात्रियों की ट्रेन और बसें जाम के कारण छूट गईं।

शहर के बुद्धिजीवियों का मानना है कि, मेरठ को एक स्थायी और आधुनिक ट्रैफिक प्लान की सख्त जरूरत है।हर बड़े आयोजन या वीआईपी दौरे के समय पूरे शहर को बंधक बना लेना समस्या का समाधान नहीं है।फिलहाल, यातायात व्यवस्था में किसी बड़े सुधार की उम्मीद कम ही नजर आ रही है। आने वाले चौबीस घंटे शहरवासियों के लिए यातायात के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts