गौशाला में 35 से 40 निराश्रित गोवंश लेकर पहुंचे कार्यकर्ता, एसडीएम ने निर्देश दिए
शारदा रिपोर्टर मेरठ। सरधना में सोमवार देर रात निराश्रित गोवंश को गौशाला में रखने की जगह नहीं मिली। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकतार्ओं ने मंडी परिसर की गौशाला में हंगामा किया और धरने पर बैठने की चेतावनी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसडीएम को मामले की जानकारी दी। एसडीएम ने नगर पालिका के कर्मचारियों को गोवंश रखने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। हालांकि, देर शाम तक जगह का इंतजाम नहीं हो सका।
बजरंग दल के गौरक्षा प्रमुख हितेश शर्मा और अतुल करीब 35 से 40 गोवंश लेकर गौशाला पहुंचे थे। गौशाला संचालक पुरुषोत्तम ने जगह और व्यवस्था नहीं होने की बात कहकर गोवंश को अंदर रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद कार्यकतार्ओं ने हंगामा शुरू कर दिया।
हितेश शर्मा ने कहा कि गोवंश को गौशाला में नहीं रखा गया तो वे धरने पर बैठेंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह से शाम तक चार मृत गायों का अंतिम संस्कार किया गया और चार गोवंश को नालों से निकलवाया गया।
उन्होंने बताया कि करीब 35 से 40 गोवंश को पकड़कर गौशाला लाया गया था। इनमें कई घायल थे और सड़कों पर निराश्रित घूम रहे थे। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। गोवंश को रखने की व्यवस्था की जा रही है।