पुलिस ने एक बदमाश को गोली मारी
देहरादून। उत्तराखंड में स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले पुलिस पर गोलियां चलाई गईं। देहरादून में चेकिंग के दौरान बाइक को रोका गया तो बाइक सवार दो बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इसके बाद दोनों मौके से भाग गए।
पुलिस ने बदमाशों का पीछा कर जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की तो एक बदमाश को गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बदमाश के पास से तेजधार हथियार और 315 बोर का तमंचा व दो खोखा कारतूस बरामद हुए।
ये दोनों बदमाश सहारनपुर और उत्तराखंड के बॉर्डर पर गोकशी करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही रढ सिटी प्रमोद कुमार दौड़कर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। देर रात वे जिला अस्पताल कोरोनेशन गए, जहां बदमाश का इलाज चल रहा है।
12 और 13 अगस्त 2026 की दरमियानी रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया।
पुलिस को देख दोनों आरोपी तेज रफ्तार में चाय बागान की ओर भाग निकले। पीतांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बाइक छोड़कर जब वे पैदल भागने लगे, तो पुलिस ने उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस का सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
जवाबी कार्रवाई में बदमाश को लगी गोली- पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। उसकी पहचान रईस, निवासी खाताखेड़ी (सहारनपुर) के रूप में हुई। वहीं उसका साथी नवाब निवासी सहारनपुर अंधेरे का फायदा उठाकर टी-स्टेट की झाड़ियों में फरार हो गया।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की और देर रात कोरोनेशन अस्पताल जाकर स्थिति का जायजा लिया।