बदमाशों के पास से सोलर प्लेटें, नगदी व हथियार मिले
बिजनौर। अफजलगढ़ पुलिस ने बुधवार रात करीब डेढ़ बजे मुठभेड़ के बाद चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरक्षी भी घायल हो गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सोलर प्लेटें, नकदी और हथियार बरामद किए हैं।
तीनों आरोपी एक साथ चोरी की वारदतों को अंजाम देते थे। 3 और 6 अगस्त की रात को भी इन्होंने सोलर प्लेटें चुराई थी। पीड़ित ने इस मामले में थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस इन आरोपियों को तलाश रही थी।
तीनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं। इन पर गैंगस्टर एक्ट, चोरी और लूट मामले में कुल 34 मुकदमे दर्ज हैं। अफजलगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मनियावाला स्थित एचसीएम इंटर कॉलेज के पास आम के बाग में एक ट्रक में चार व्यक्ति चोरी की सोलर प्लेटों के साथ मौजूद हैं और किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर थाना अफजलगढ़ पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर आरोपियों पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में आरक्षी गौरव कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों पर गोली चलाई। गोली दो आरोपियों के पैर में लगी। घायल अवस्था में इन दोनों आरोपियों सहित अन्य दो को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपियों की पहचान बिजनौर के रेहड़ थाना क्षेत्र के विमल कुमार और नाजिम के रूप में हुई है। वहीं दोनों अन्य आरोपी दीपक और आशीष मोहल्ला शिवमंदिर के रहनेवाले हैं। घायल आरोपियों और आरक्षी गौरव कुमार को उपचार के लिए सीएचसी अफजलगढ़ भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद रूपए, दो तमंचे, चार जिंदा व दो खोखा कारतूस, पांच सोलर प्लेटें और घटना में प्रयुक्त ट्रक बरामद हुआ। आरोपियों ने बताया कि करीब पांच-छह दिन पहले उन्होंने चारों ने मिलकर ग्राम फजलाबाद परमानंदपुर उर्फ मनियावाला स्थित एक बंद मकान के ताले तोड़कर चोरी की थी। इस घटना में उन्हें 49,000 रुपए प्राप्त हुए थे, जिसे उन्होंने आपस में बराबर-बराबर बांट लिया था।
अपने हिस्से की कुछ धनराशि उन्होंने खाने-पीने में खर्च कर दी थी, जबकि बची हुए पैसे पुलिस ने कब्जे में ले लिए।