बेलड़ा-भोपा मार्ग पर शीशम के पेड़ से मिला पांच दिन पुराना शव
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में सोमवार को ग्राम बेलड़ा और भोपा के बीच जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव शीशम के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला।
20 जुलाई 2026 को ग्रामीणों ने जंगल में पेड़ से शव लटका देखा, जिसके बाद उन्होंने भोपा पुलिस को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र लगभग 35-40 वर्ष बताई जा रही है। शव करीब 5 दिन पुराना होने के कारण उससे दुर्गंध आ रही थी।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से शव की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने घटना की सूचना फील्ड यूनिट को दे दी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। नियमानुसार पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।