एक कार कई बार पलटी, दो लोगों को सिर में आई ज्यादा चोट
लखनऊ। सैरपुर थाना क्षेत्र में सीतापुर रोड पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे रेवान्ता होटल के सामने दो कारों की टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार कई बार पलट गई। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे में कपूरथला, लखीमपुर निवासी आराध्य दीक्षित (23) को हल्की चोटें आईं, जबकि कंधरपुर, रायबरेली निवासी आशीष कुमार मौर्य (28) के सिर में चोट लगी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार में सवार प्रदीप दीक्षित ने बताया कि वह लखीमपुर से लखनऊ आ रहे थे। उनके मुताबिक, सामने से आ रहे एक वाहन ने गलत दिशा में ओवरटेक किया, जिससे कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। वहीं, दूसरी कार के ड्राइवर ने बताया कि ईंटों से लदे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान हादसा हुआ। वह रायबरेली से लखनऊ आ रहे थे।
प्रदीप ने बताया कि उन्होंने नवरात्रि में आॅनलाइन कैब सेवा में चलाने के लिए कार खरीदी थी। हादसे में उन्हें हल्की चोटें आई हैं और वह एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। ड्राइवर के मुताबिक, हादसे में घायल हुए तीन अन्य लोग घटनास्थल से ही आॅटो लेकर चले गए। उनकी स्थिति के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल सकी है।
सैरपुर थाना प्रभारी मनोज कोरी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा दिया गया है। हादसे में किसी की जान नहीं गई है।