ट्रेलर की टक्कर से घुसी डीसीएम, छोटा भाई और महिला हुए घायल
जौनपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी डीसीएम में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में घुस गई। हादसे में मकान के बाहर सो रहे 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पास स्थित शीतला माता मंदिर का छज्जा भी क्षतिग्रस्त हो गया। यह पूरा मामला रामपुर थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, जौनपुर से भदोही की ओर जा रहा ट्रेलर सड़क किनारे खड़ी टाटा 1109 (डीसीएम) से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम आगे बढ़कर मकान से जा टकराई। उस समय बरामदे के बाहर चारपाई पर दो सगे भाई सो रहे थे। हादसे में सूरज गुप्ता (17), पुत्र राजेश गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। उसका भाई राजकुमार (15) गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरी चारपाई पर सो रही मंजू देवी, पत्नी रामजियावन गुप्ता भी घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने घायलों को मलबे से निकालकर भदोही के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और डीसीएम को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हुई है, जबकि एक महिला सहित दो लोग घायल हैं। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।