62 वर्षीय तनवीर के रूप में हुई पहचान, परिजनों की मौजूदगी में भरा पंचनामा
सिंभावली। बक्सर नहर की पटरी पर मंगलवार सुबह 62 वर्षीय एक बुजुर्ग का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के खेड़ा निवासी टैनी उर्फ तनवीर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मंगलवार सुबह करीब 7 बजे राहगीरों ने नहर पटरी पर शव पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल सिंभावली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से शव की पहचान सुनिश्चित की और परिजनों को सूचित किया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि टैनी उर्फ तनवीर किसान सम्मान निधि के 2000 रुपये मिलने के बाद अपने भतीजे से मिलने बिजनौर स्थित नजीबाबाद गन्ना फैक्ट्री गए थे। वे सोमवार को वापस आने वाले थे, लेकिन अपने गांव खेड़ा नहीं पहुंचे।
सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार और सिंभावली चौकी इंचार्ज आलोक कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।