अगोता बिजली घर पर हुआ हादसा, एसएसओ पर लगाया लापरवाही का आरोप
बुलंदशहर। अगोता बिजली घर पर ड्यूटी के दौरान करंट लगने से एक संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। परिजनों और साथी कर्मचारियों ने सब स्टेशन आॅपरेटर (ररड) पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मृतक लाइनमैन की पहचान किरणपाल सिंह के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत थे। बताया गया है कि किरणपाल सिंह ने बिजली घर से शटडाउन लेकर एक खंभे पर चढ़कर फाल्ट ठीक कर रहे थे।
परिजनों और साथी कर्मियों का आरोप है कि लाइनमैन के खंभे पर काम करते समय सब स्टेशन आॅपरेटर (एसएसओ) ने लापरवाही से शटडाउन हटा दिया। इससे तारों में अचानक हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से किरणपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना पर बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर संजीव कुमार ने कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारी नेता सुरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि सुरक्षा उपकरणों की कमी और आॅपरेटरों की लापरवाही के कारण लाइनमैनों को अक्सर अपनी जान गंवानी पड़ती है।