अलवारा झील में मछली शिकार की निगरानी के दौरान वारदात, जांच जारी
कौशांबी। महेवाघाट थाना क्षेत्र स्थित पौर काशी रामपुर गांव में अलवारा झील में शुक्रवार रात एक बिहारी मजदूर की हत्या कर दी गई। मजदूर झील में मछली शिकार की निगरानी कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर, बिहार निवासी बरमदीन(45) पुत्र भैंया लाल के रूप में हुई है। वह कई वर्षों से अलवारा झील में मजदूरी कर रहा था। शुक्रवार रात बरमदीन अपने दो साथियों धर्मपाल और बवाली के साथ झील की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही महेवाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतक के साथी धर्मपाल को हिरासत में लिया है। वहीं, दूसरा साथी बवाली घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस विभिन्न पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम और सीओ भी जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।