दमकल की 10 गाड़ियों ने पाया काबू, कोई हताहत नहीं
ग्रेटर नोएडा। बादलपुर थाना क्षेत्र में एक पुराने फर्नीचर के वेयरहाउस में भीषण आग लग गई। रात करीब 12:30 बजे लगी इस आग ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया और पूरा वेयरहाउस धू-धू कर जल उठा। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग तीन से चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
स्थानीय मंदिर के पुजारी जितेंद्र गिरी ने बताया कि आग रात करीब 12:30 बजे लगी थी। आग इतनी भीषण थी कि इससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। उन्होंने बताया कि दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग से वेयरहाउस को काफी नुकसान हुआ है।
जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने जानकारी दी कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। उन्होंने पुष्टि की कि कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने के कारणों की अभी जांच की जा रही है, हालांकि शुरूआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। यह घटना बादलपुर थाना क्षेत्र के धूम बिजली घर के पीछे हुई।