जान से मारने की धमकी दी, टीचर ने बताया अकेले में मिलने बुलाते थे
देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक गांव के कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर ईसीसीई एजुकेटर ने रेप की कोशिश, अश्लील हरकत और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया है
शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज किया है। महिला विद्यालय में ईसीसीई एजुकेटर के पद पर काम करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक उदय लाल बौद्ध उन्हें लगातार परेशान करते थे। वह अक्सर उन्हें अकेले कार्यालय में बुलाकर अशोभनीय बातें करते और कई बार पकड़कर आलिंगन करने की कोशिश करते थे।
महिला ने बताया कि वह पहले लोक-लाज के डर से इस बारे में चुप रहीं। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी शिकायत की थी, लेकिन उनके मुताबिक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
महिला के आरोप के मुताबिक, 16 अक्टूबर को प्रधानाध्यापक ने उन्हें अकेला पाकर हाथ पकड़ लिया और अश्लील हरकत करने लगे। वह वहां से निकलकर घर पहुंचीं और अपने पिता को घटना की जानकारी दी।
महिला ने आरोप लगाया कि उनके पिता विद्यालय पहुंचे और प्रधानाध्यापक से बात की, तो उन्हें और उनके पिता को हरिजन उत्पीड़न के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। महिला ने अपनी हत्या कर शव ऐसी जगह फेंकने की धमकी देने का भी आरोप लगाया, जहां उनकी पहचान न हो सके।
महिला ने 29 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर प्रधानाध्यापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने 29 अक्टूबर को उदय लाल बौद्ध के खिलाफ रेप की कोशिश और धमकी देने का केस दर्ज किया।
थानेदार अश्वनी प्रधान ने बताया कि महिला की शिकायत पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ रेप की कोशिश और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है।