बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस इस्तीफे से कर्नाटक कांग्रेस में लंबे समय से चली आ रही खींचतान लगभग खत्म हो गई है। पार्टी के कई नेताओं ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि राज्य के अगले मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार होंगे।पहले से तय समय के अनुसार, सिद्दारमैया अपने सरकारी आवास से निकले और राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राजभवन में अपना इस्तीफा अधिकारियों को सौंप दिया। राज्यपाल प्रदेश से बाहर हैं, ऐसे में सिद्धारमैया ने अपना इस्तीफा राजभवन के अधिकारियों को सौंपा है।
सिद्दारमैया ने अपने इस्तीफे के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया, जिसमें उन्होंने कहा कि “मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल के कार्यालय में सौंप दिया है। राज्यपाल यहां नहीं हैं, वे आज रात लौट रहे हैं। इसलिए, मैंने इस्तीफा उनके कार्यालय में जमा कर दिया।” उन्होंने आगे कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि जब भी हाईकमान मुझे निर्देश देगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा। इसलिए, मैं आज ही अपना इस्तीफा सौंप रहा हूं। ऐसा समझा जा रहा है कि अगले मुख्यमंत्री के लिए रास्ता बनाया जा रहा है। हमारे प्रति और हमारे कल्याण के प्रति उनकी जिम्मेदारी बनी रहेगी। इसमें कोई निराशा नहीं है। हमारी पार्टी ने 135+1 सीटों के साथ जीत हासिल की। इसके साथ ही, दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी हमारी सरकार का समर्थन किया।