– खेत की तरफ भागते नजर आया तेंदुआ, वीडियो हो रहा वायरल।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। रसूलपुर गांवड़ी के जंगल में सोमवार को तेंदुआ दिखाई दिया। उस दौरान खेत में ट्रैक्टर चला रहे युवक ने खेत की मेढ़ पर तेंदुआ दिखाई देने पर उसकी वीडियो बनाई। बाद में तेंदुआ दूसरे खेत में जाता नजर आया।

रसूलपुर गांवड़ी निवासी युवा किसान रवि अपने खेत की जुताई करने गया था। उसी समय सामने वाले खेत की मेढ़ पर तेंदुआ आकर बैठ गया। रवि ने मोबाइल से तेंदुए का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। हालांकि थोड़ी ही देर बाद ट्रैक्टर आवाज से परेशान होकर तेंदुआ दूसरे खेत के भीतर चला गया।
खेत में तेंदुआ नजर आने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। क्योंकि रवि के खेत गांव के पास ही हैं और खेतों के पास से ही गांव का आम रास्ता भी जाता है। ऐसे में अब ग्रामीण अकेले खेतों पर जाने से डरने लगे हैं। उन्होंने वन विभाग से शीघ्र ही तेंदुआ पकड़ने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि पिछले करीब छह-सात साल से मेरठ जनपद में लगातार तेंदुआ नजर आ रहे हैं। यह बात अलग है कि अभी तक कहीं से भी तेंदुए के हमले की खबर सामने नहीं आई है। लेकिन तेंदुए और उनके शावक कई बार पकड़े गए हैं। तेंदुए खेतों से निकलकर शहर में भी आ रहे हैं।


