– खून से लथपथ होकर सौ मीटर तक भागे, चार बदमाशों ने सीने, सिर और हाथ पर किए चाकूओं से वार।
गोरखपुर। मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद की हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर दोबारा हमला किया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाशों ने सीने, सिर और हाथ पर चाकू से वार किए। इसके बाद वे कुछ देर तक वहीं रुके रहे और उनके मरने का इंतजार करते रहे। जब उन्हें लगा कि पूर्व पार्षद की मौत हो गई है, तब वहां से भाग गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और राजकुमार चौहान को बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल घटनास्थल तक पहुंचे थे। घटना चिलुआताल थाना क्षेत्र में सुबह साढ़े 5 बजे हुई। यहां से गोरखनाथ मंदिर की दूरी 5 किमी है। वारदात की सूचना मिलते ही 200 से ज्यादा लोग जुट गए। गोरखपुर-सुनोली रोड जाम करके हंगामा करने लगे हैं। 10 थानों की पुलिस लोगों को समझाने में जुटी हुई है।
बताया जा रहा कि राजकुमार 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। उन्हें राज्यसभा सांसद राधा मोहन अग्रवाल का करीबी माना जाता था। उनकी सांसद के साथ रील भी है।
बरगदवा इलाके के रहने वाले जंगी चौहान के राजकुमार इकलौते बेटे थे। राजकुमार की 18 साल पहले शादी हुई थी। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। उनकी चार बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। 2023 में राजकुमार पार्षदी चुनाव लड़े थे, लेकिन दूसरे नंबर पर रहे थे।
परिजनों के मुताबिक, राजकुमार पिछले 4 साल से रोज मॉर्निंग वॉक पर जाते थे। आज सुबह 5 बजे घर से निकले थे। घर से करीब 500 मीटर दूर पहुंचे ही थे कि बदमाशों ने हमला कर उनकी हत्या कर दी। जहां घटना हुई, वहां नई बस्ती बस रही है, इसलिए आसपास का इलाका खाली रहता है।
वारदात के बाद वह रोते हुए मौके पर पहुंचीं। शव को देखकर वह बेसुध हो गईं। परिवार के लोगों ने उन्हें संभाला। उन्होंने कहा-पुलिसकर्मी कुछ बता नहीं रहे हैं, सिर्फ मुकदमा लिखवाने की बात कर रहे हैं। आरोपियों ने उनके पति की चेन भी लूटकर ले गए।
दो एंगल पर हत्याकांड की जांच
राजकुमार चौहान प्रापर्टी के बिजनेस से जुड़े थे। जिस तरह से 4 हमलावरों ने हत्या की, उससे शक है कि प्रापर्टी के किसी विवाद में हत्या की गई। सुपारी किलिंग की भी आशंका है। इसके साथ ही पुलिस राजकुमार की हत्या नृशंस तरीके से चाकूओं से गोदकर की गई है। चेहरे और होंठ तक में चाकू मारे गए। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं अफेयर का कोई मामला तो नहीं था।

