लखनऊ। प्रदेश में ठंड का असर फिलहाल बरकरार है लेकिन मकर संक्रांति के बाद जल्द ही ठंड से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी के आसार हैं। इसके परिणामस्वरूप 15 जनवरी से प्रदेश में शीतलहर और पाले से राहत के साथ ही सुबह कोहरे में वृद्धि की भी संभावना व्यक्त की जा रही है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में रात के तापमान में आई गिरावट की वजह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मुरादाबाद और रुहेलखंड मंडलों में रात में शीतलहर का प्रकोप महसूस किया गया लेकिन अब इसमें थोड़ा सुधार आने के आसार है।



