पत्नी समेत दो अन्य घायल हुए, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिए
सीतापुर। हरगांव थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे तेज रफ्तार के चलते दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया।
पिसावां थाना क्षेत्र के मथनियां गांव निवासी राममूर्ति पुत्र राम औतार अपनी पत्नी के साथ बाइक से लखीमपुर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हरगांव थाना क्षेत्र के परसेहरा माल के पास पहुंची, तभी सामने से कथित तौर पर गलत दिशा से आ रही दूसरी बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी।
दूसरी बाइक पर हरगांव थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव निवासी अनूप पुत्र जैराम सवार था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान राममूर्ति की मौत हो गई जबकि पत्नी और दूसरी बाइक सवार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।