डबल डेकर बस ने ओवरटेक के दौरान मारी टक्कर, क्लीनर बाल-बाल बचा
बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक डबल डेकर बस ने ओवरटेक करते समय आम से लदे कंटेनर को टक्कर मार दी, जिससे कंटेनर पलट गया। इस हादसे में कंटेनर के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी क्लीनर बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मकरंदपुर गांव के पास 164 किलोमीटर प्वाइंट पर सुबह करीब 5:30 बजे हुई। मृतक ड्राइवर की पहचान वाराणसी के राजातालाब निवासी 21 वर्षीय विक्रम सिंह पुत्र गुड्डू सिंह के रूप में हुई है। वह अपने साथी क्लीनर दीपक गिरी (20 वर्ष, पुत्र संजय गिरी, निवासी चतरपुर लखदरपुर, जौनपुर) के साथ मुरादाबाद से आम लादकर वाराणसी की राजातालाब मंडी जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, जब उनका कंटेनर 164 किलोमीटर प्वाइंट पर पहुंचा, तभी एक डबल डेकर बस ने कंडक्टर साइड से ओवरटेक करते हुए कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। कंडक्टर साइड पर बैठे ड्राइवर विक्रम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंगा एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल विक्रम सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, लेकिन हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। कंटेनर के क्लीनर दीपक गिरी ने आरोप लगाया है कि डबल डेकर बस ने गलत तरीके से ओवरटेक करते हुए उनके कंटेनर को टक्कर मारी थी। पुलिस अज्ञात बस और उसके चालक की तलाश में जुटी है।