हरिद्वार से लौटते समय पानीपत-खटीमा हाईवे पर हुआ हादसा, कार के परखच्चे उड़े
मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोहाना क्षेत्र में मन्नत होटल के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेजा।
मृतकों की पहचान दिल्ली के घसा क्षेत्र निवासी सतीश (पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सिंह) और दिनेश (पुत्र रामकुमार) के रूप में हुई है। सतीश पेशे से ड्राइवर थे और अपने परिवार में दो भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। वहीं, दिनेश सीआरपीएफ में कार्यरत थे। तीन भाई-बहनों में मंझले दिनेश शादीशुदा थे और अपने पीछे पत्नी सविता तथा तीन बच्चों (दो बेटे और एक बेटी) को छोड़ गए हैं। दोनों दोस्त कार से हरिद्वार घूमने गए थे और वापस लौटते समय इस हादसे का शिकार हो गए।
रोहाना चौकी प्रभारी मोहित कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेजा। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन भी रोते-बिलखते मुजफ्फरनगर पहुंच गए, जिससे परिवारों में कोहराम मच गया।
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि पानीपत-खटीमा हाईवे पर अवैध और गलत तरीके से पार्क किए जाने वाले भारी वाहन लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। कुछ दिन पूर्व भी इसी स्थान पर सड़क किनारे खड़े वाहन के कारण हादसा हुआ था। लोगों ने हाईवे पर नियमित पुलिस व टोल पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य करा दिया गया है।