HomeAccident Newsगंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक से भिड़ी स्कॉर्पियो

गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक से भिड़ी स्कॉर्पियो

-

निकाह से पहले दुल्हन समेत चार घायल, गाजियाबाद से बिहार जा रहे थे सभी


हरदोई। बिलग्राम क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों में 24 वर्षीय नाजनी भी शामिल हैं, जिनका कुछ दिन बाद निकाह होना था।

निकाह की तैयारियों के बीच हुए हादसे से परिवार की खुशियां चिंता में बदल गईं। गंभीर हालत में नाजनी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया। हादसा गंगा एक्सप्रेसवे पर 324 किलोमीटर के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार लोग गाजियाबाद से बिहार जा रहे थे। सभी नाजनी के निकाह से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक में स्कॉर्पियो पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में सवार लोगों को चोटें आईं। हादसे में गाजियाबाद के डासना निवासी शाहिद पुत्र उजैर (23), रेशमा पत्नी महफूज (25), नई दिल्ली निवासी नाजनी पुत्री मोहम्मद नाजिर (24) और चालक यूनुस पुत्र मोहम्मद नाजिर घायल हो गए। निकाह की तारीख नजदीक होने के चलते नाजनी के घायल होने की खबर से परिजनों की चिंता बढ़ गई।

हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए तीन घायलों को जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया। इनमें नाजनी भी शामिल हैं। एक घायल का सीएचसी में उपचार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में स्कॉर्पियो के आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकराने की बात सामने आई है। हादसे की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी गई है। एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts