HomeAccident Newsपिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत

पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत

-

हादसे के दो दिन बाद पिकअप चालक पर केस दर्ज, पिकअप में लदी थी मछली


श्रावस्ती। नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में मछली लदी पिकअप की टक्कर से बाइक सवार 52 साल के जाफर अली की मौत के मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हादसा मंगलवार को गोमदापुर मोड़ पर हुआ था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, हुसैनजोत चक्रभंडार के रहने वाले जाफर अली मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बाइक से गोमदापुर में काम करने जा रहे थे। गोमदापुर मोड़ पर एक परिचित से बातचीत करने के लिए उन्होंने बाइक सड़क किनारे रोक दी थी। इसी दौरान इकौना की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही मछली लदी पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जाफर अली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोग भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

जाफर अली मकान निर्माण का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके सात बेटियां और एक बेटा है। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से घर में कोहराम मचा है। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि पिकअप चालक नौशाद निवासी हरिहरनगर, थाना महाराजगंज तराई, बलरामपुर के खिलाफ तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts