पीएम मोदी ने विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह को किया समर्पित
एजेंसी नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का उद्घाटन किया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी मौजूद रहे। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि इस बंदरगाह का निर्माण 8,800 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है, और निकट भविष्य में इसके ट्रांसशिपमेंट हब की क्षमता तीन गुनी हो जाएगी। इसे बड़े मालवाहक जहाजों को समायोजित करने के लिए डिजाइन किया गया है। विझिनजम में पीएम मोदी ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन इंडिया गठबंधन के मजबूत पिलर हैं। यहां कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी बैठे हैं। आज का यह कार्यक्रम कई लोगों की नींद हराम कर देगा।
पीएम ने कहा कि अब तक, भारत के 75% ट्रांसशिपमेंट काम विदेशी बंदरगाहों पर होते थे। इससे देश को राजस्व का बड़ा नुकसान होता था। अब विदेशों में खर्च होने वाला पैसा घरेलू विकास में लगेगा। इससे विझिनजाम और केरल के लोगों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा होंगे, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि देश की संपत्ति सीधे अपने नागरिकों को फायदा पहुंचाए।
पीएम ने कहा कि गुलामी से पहले हमारे भारत ने हजारों वर्ष की समृद्धि देखी है। एक समय वैश्विक जीडीपी में बड़ा शेयर भारत का हुआ करता था। उस दौर में हमें जो चीज दूसरे देशों से अलग बनाती थी, वो थी जल परिवहन की क्षमता। हमारे बंदरगाहों का वाणिज्यिक उपयोग। केरल का इसमें बड़ा योगदान था। अब भारत सरकार ने, राज्य सरकार के सहयोग से सागरमाला परियोजना के तहत पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाया है। पोर्ट कनेक्टिविटी को भी बढ़ाया है। पीएम-गतिशक्ति के तहत जल परिवहन, रेल, हाईवे और वायु परिवहन आपस में बेहतर तरीके से जुड़े हैं। इनको तेज गति से बेहतर बनाया जा रहा है।
विझिनजाम बंदरगाह के उद्घाटन समारोह के दौरान पीएम मोदी ने कहा आज भगवान आदि शंकराचार्य जी की जयंती है। तीन वर्ष पूर्व सितंबर में मुझे उनके जन्मभूमि क्षेत्र में जाने का सौभाग्य मिला था।
वहीं, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा केरल के लोगों की ओर से, मैं एक बार फिर प्रधानमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने इस ऐतिहासिक परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करने के लिए हमारे राज्य का दौरा किया।