01 अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस ,मोटरसाइकिल व पशु चोरी की धनराशि ₹17,220/- बरामद।
मेरठ | थाना मुण्डाली पुलिस द्वारा आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत थाना क्षेत्र के जिसौरा-जिसौरी चौराहे पर संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया, किन्तु वे पुलिस को टक्कर मारते हुए भाग निकले। पुलिस टीम द्वारा उनका पीछा कर घेराबंदी की गई। इस दौरान अभियुक्तों ने स्वयं को घिरता देख पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी तथा तीनों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ महोदय के आदेशानुसार अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी किठौर के कुशल पर्यवेक्षण में थाना मुण्डाली पुलिस टीम द्वारा हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त (HS-27A) जितेन्द्र पुत्र चन्द्रपाल निवासी ग्राम जिसौरा थाना मुण्डाली मेरठ को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिन्दा कारतूस .315 बोर, एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा थाना मुण्डाली के मु0अ0सं0 204/2026 से संबंधित ₹11,400/- बरामद हुए। इसके अतिरिक्त अभियुक्त तहसीन पुत्र शकील निवासी मोहल्ला बाजीगरान, डासना थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद के कब्जे से ₹3,320/- तथा अभियुक्त मारूफ पुत्र अली निवासी ग्राम जिसौरा थाना मुण्डाली मेरठ के कब्जे से ₹2,500/- एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स संख्या UP14 AJ 3XXXबरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पूर्व उन्होंने थाना मुण्डाली क्षेत्र से एक भैंसा चोरी कर ₹29,000/- में बेच दिया था तथा पुनः चोरी की घटना को अंजाम देने की योजना बनाकर घूम रहे थे। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर उन्होंने भागने का प्रयास किया तथा पकड़े जाने पर पुलिस पर फायरिंग की।